नर्मदापुरम से राजेंद्र धाकड़ की रिपोर्ट-
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय स्थित रेवा सभा कक्ष में कलेक्टर सोनिया मीना की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान योजना से जुड़े घटकों, समिति के दायित्व, शासकीय भवनों में सोलर स्थापना की कार्यवाही आदर्श सौर ग्राम आदि के संबंध में समिति सदस्यों को अवगत कराया गया। बैठक में बताया गया कि भारत सरकार द्वारा लागू प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत शासकीय भवनों को वर्ष 2025 के अंत तक सोलराईज करने का लक्ष्य रखा गया है। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत शासकीय भवनों में सोलर संयंत्र स्थापना किए जाने के लिए निर्धारित प्रपत्र में जानकारी अद्यतन कर समिति के माध्यम से मध्यप्रदेश ऊर्जा विकास निगम लि. नर्मदापुरम को भेजनी होगी। जिसके आधार पर लोड क्षमता का आंकलन कर संयंत्र स्थापना तथा आगामी कार्यवाही के लिए प्रधान कार्यालय मध्यप्रदश ऊर्जा विकास निगम लि. भोपाल को प्रेषित की जाएगी। कलेक्टर नर्मदापुरम सोनिया मीना ने निर्देशित किया है कि योजना अंतर्गत आदर्श सौर ग्राम के लिए चिन्हित किए गए ग्राम शिवपुर, पथरोटा, रायपुर, सांगा खेड़ा कला, शोभापुर, सेमरी हरचंद, बीजनवाड़ा तथा बनखेड़ी में शासकीय भवनों का सर्वे कर उक्त योजना से संबंधी आगामी कार्यवाही क्रियान्वित की जाए। उन्होंने सभी जिला प्रमुखों को भी निर्देशित किया है कि शासकीय भवनों पर सोलर स्थापना के लिए निर्धारित प्रपत्र में जानकारी अक्षय ऊर्जा विभाग को उपलब्ध कराए तथा भवनों पर आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित करें।