जो ग्राम पंचायत आगामी एक सप्ताह में 44+ आयुवर्ग के लोगों का शत-प्रतिशत टीकाकरण करेगी, उसको खेत सड़क एवं एक अन्य कार्य स्वीकृत किया जायेगा, कलेक्टर ने जिले के 30 चुनिन्दा ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं सचिवों से रूबरू चर्चा की।
उज्जैन 03 जून। कलेक्टर श्री आशीष सिंह ने कहा है कि जिले की जो भी ग्राम पंचायत आगामी एक सप्ताह में 44+ आयुवर्ग के लोगों का शत-प्रतिशत टीकाकरण करवायेगी, उस पंचायत को खेत सड़क एवं एक अन्य विकास कार्य स्वीकृत किया जायेगा। साथ ही यहां कार्यरत आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता एवं अन्य सहयोगी कर्मचारियों को प्रोत्साहनस्वरूप नगद राशि प्रदान की जायेगी। कलेक्टर श्री आशीष सिंह एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अंकित अस्थाना ने आज बृहस्पति भवन में उज्जैन जिले की 30 चुनिन्दा ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं सचिवों से दो सत्रों में चर्चा की एवं वेक्सीनेशन कार्य में उनका हर तरह से सहयोग करने का आश्वासन दिया।
कलेक्टर श्री आशीष सिंह ने इस अवसर सरपंचों से कहा कि वे अपने-अपने गांव में टीकाकरण से शेष रहे 44+ व्यक्तियों की सूची तैयार करें तथा अपनी-अपनी आवश्यकताओं के बारे में लिखित में जिला पंचायत को नोट प्रस्तुत करें, ताकि उनके यहां मोबाइल टीकाकरण वेन को भेजकर एक साथ शत-प्रतिशत लोगों का टीकाकरण एक या दो दिन में पूरा कराया जा सके। कलेक्टर ने सरपंच एवं सचिवों को वेक्सीनेशन का महत्व समझाते हुए कहा कि वेक्सीन ही कोरोना चेन को तोड़ेगा। तीसरी लहर की तैयारी के साथ-साथ वेक्सीनेशन पर भी पूरा ध्यान देना है। उन्होंने वेक्सीनेशन को लेकर भ्रान्तियों को दूर करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने कहा कि वेक्सीन लगने के बाद भी कोरोना हो सकता है, किन्तु उसकी मारक क्षमता कम होगी। किसी को हॉस्पिटल में भर्ती होने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अंकित अस्थाना ने कहा कि सभी ग्राम पंचायतों के सरपंच सचिव वेक्सीनेशन को लेकर यदि उनको कोई समस्या हो तो वे सीधे जिला पंचायत में सम्पर्क कर सकते हैं। मोबाइल वेक्सीनेशन टीम उन सभी गांवों में भेजी जायेगी जहां 50 से अधिक लोग एक साथ वेक्सीनेशन करवाने को तैयार होंगे।
ज़िला ब्यूरो उज्जैन से विशाल जैन की रिपोर्ट












Leave a Reply