चोरों ने बंद मकान को बनाया निशाना
देवबन्द। बेखौफ चोरों ने बंद मकान के ताले तोड़कर संदूक व अलमारी में रखे सोने चांदी के आभूषण एवं नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई कर घटना का खुलासा करने की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव लबकरी निवासी गुलशन उर्फ गुल्लू पुत्र जमील के घर पर रविवार की दोपहर चोरों ने उस समय धावा बोल दिया जब परिवार के सभी लोग दरवाजे पर ताला लगाकर दावत में गए हुए थे। बेखौफ चोरों ने घर के भीतर रखे संदूक अलमारी आदि के ताले तोड़ते हुए सोने चांदी के आभूषण और वं नकदी चोरी कर ली और भाग खड़े हुए। परिवार के लोग जब वापस लौटे तो ताले टूटे हुए और सामान बिखरा पड़ा देख उसके होश उड़ गए। तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौका मुआयना कर विस्तृत जानकारी ली। बताया कि एक सप्ताह पूर्व ही उसके भतीजे का विवाह हुआ था जिसके चलते घर में काफी जेवर रखे हुए थे।दिन दहाड़े हुई चोरी की घटना से ग्रामीणों में भारी रोष है। पीड़ित ग्रामीण ने पुलिस से कार्रवाई करते हुए चोरी हुए आभूषण और नकदी बरामद करने की मांग की है। कोतवाल बीनू चौधरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर घटना की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर रमेंश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़