कासगंज में 12 साल की दलित किशोरी की मौत:
रिपोर्ट: लवकुमार। इंडिया टीवी न्यूज़ संवाददाता (कासगंज)
भीम आर्मी ने परिजनों के साथ किया प्रदर्शन, 50 लाख मुआवजे की मांग कासगंज के सिकंदरपुर क्षेत्र के नगला हंसी गांव में 12 वर्षीय दलित किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शनिवार को किशोरी का शव उसके घर में फांसी के फंदे से लटका मिला, जबकि उसकी नाबालिग बहन घर से लापता थी। मृतका के पिता ने 9 लोगों के खिलाफ हत्या और अपहरण का केस दर्ज कराया है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव घर पहुंचा, तो परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों और भीम आर्मी का हंगामा, 50 लाख मुआवजे की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही भीम आर्मी के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। परिजनों के साथ मिलकर शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की।हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी समझाने-बुझाने के बाद प्रदर्शन समाप्त कराया गया और किशोरी का अंतिम संस्कार किया गया। मृतका के पिता ने सरकार से 50 लाख रुपये मुआवजा, सरकारी आवास, एक सरकारी नौकरी और 3 एकड़ जमीन की मांग की है।
अपहृत लड़की बरामद, एक गिरफ्तार, तीन हिरासत में जिले के एएसपी राजेश भारती ने बताया कि मृतका के पिता की शिकायत पर 9 आरोपियों के खिलाफ हत्या और अपहरण की एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए लापता किशोरी को सोरों क्षेत्र से बरामद कर लिया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच गंभीरता से जारी है।