अधिकारी आपसी समन्वय के साथ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करें
गंगरार। उपखण्ड अधिकारी पंकज बडगुजर की अध्यक्षता में बुधवार को उपखण्ड स्तरीय साप्ताहिक बैठक का आयोजन पंचायत समिति सभागार में किया गया।
बैठक में गंगरार नेशनल हाइवे के किनारे पर बसी बस्ती के घरों के नलों में प्रदूषित पानी आने की समस्या के समाधान हेतु सहायक अभियंता जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग एवं राष्ट्रीय राज्य मार्ग प्राधिकरण अधिकारी से समन्वय स्थापित कर शुद्ध पेयजल आपूर्ति की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए गए। वर्तमान में जिन ग्रामो में जल आपूर्ति की अधिक आवश्यकता है उन स्थानों का पटवारी एवं गिरदावर द्वारा चिन्हीकरण कर
आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। तहसीलदार राजावत को वर्तमान में चल रहे रास्ते खुलवाने एवं राजस्व रिकार्ड में रास्ता दर्ज कराने के प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। बैठक में विकास अधिकारी
देवी लाल बलाई को खाद्य सुरक्षा के लंबित प्रकरणों को तुरंत निस्तारण करने के निर्देश दिए। बैठक में अधिक गर्मी होने से पेयजल के लिए बिजली आपूर्ति हेतु सम्बंधित विभाग को निर्देशित किया गया। उपखण्ड क्षेत्र में संचालित
विद्यालय एवं आंगनवाडी केन्द्रों पर जहां नल कनेक्शन नही है उन स्थानों का चिन्हीकरण कर कनेक्शन हेतु कनिष्ठ अभियंता जन सवास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को निर्देशित किया गया। साथ ही विकास अधिकारी, तहसीलदार, कनिष्ठ अभियंता पीएचईडी को आपस में समन्वय स्थापित करते हुए टेंकरों द्वारा की जाने वाली जल आपूर्ति का औचक निरीक्षण कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गये।
बैठक में तहसील दार पुष्पेन्द्र सिंह राजावत, नायब तहसीलदार रामप्रसाद खटीक, विकास अधिकारी देवी लाल बलाई, राष्ट्रीय राज्य मार्ग प्राधिकारी अधिकारी व समस्त ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।