कोविड 19 नोडल अधिकारी अनिल सिंह ने बताया कि जिला चिकित्सालय के कोरोना आइसोलेशन वार्ड में भर्ती अंतिम दो कोरोना संक्रमित मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आने पर उन्हें स्वास्थ्य विभाग ने घर भेज दिया है । इस तरह कोरोना की दूसरी लहर में संक्रमित सभी मरीज स्वस्थ हो गए हैं और उमरिया जिला कोरोना मुक्त हो चुका है । नोडल अधिकारी कोविड 19 ने बताया है जिले में 23 मार्च 2020 के बाद से अब तक 6287 संक्रमित मरीज मिले जिसमे से 6224 स्वस्थ हुए और 63 की मौत हुई है वहीं कोरोना की संभावित तीसरी लहर से निपटने प्रशासन वैक्सीनेशन की रफ्तार बढ़ाने से लेकर चिकित्सकीय सुविधाओं के विस्तार में जुट गया है।
जिले को कोरोना संक्रमण से मुक्त रखने के लिए कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने आम जन से अपील की है कि सभी लोग टीकाकरण अवश्य कराए। साथ ही कोरोना प्रोटोकाल का पालन करना नही भूले । उन्होने बताया कि कोरोना संक्रमण से बचने के लिए मास्क का उपयोग , भीड़ भाड़ से दूर रहना, सामाजिक दूरी बनाकर रखना , स्वच्छता पर विशेष ध्यान रखना अत्यंत आवश्यक है। इन नियमों का पालन सभी लोग स्वयं करे तथा अपने पड़ोसियो, रिश्तेदारों, समाज के लोगों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करें।