सहारनपुर; विधानसभा चुनाव की तैयारियों में कांग्रेस ने बड़ा दांव खेलते हुए समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता शाहनवाज खान को सहारनपुर देहात विधानसभा सीट से प्रत्याशी घोषित कर दिया है।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने यह ऐलान करते हुए सपा के वरिष्ठ विधायक और कद्दावर नेता आशु मलिक को सीधी चुनौती दी है। शाहनवाज खान पूर्व मंत्री सरफराज खान के पुत्र हैं और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान के करीबी रह चुके हैं। हालांकि आजम खान के जेल जाने के बाद शाहनवाज ने उनसे दूरी बना ली और इमरान मसूद के करीब आ गए। जिला पंचायत चुनावों के दौरान भी शाहनवाज खान ने इमरान मसूद के लिए प्रचार किया था और लगातार उनके साथ मंच साझा करते नजर आए थे। कई दिनों से शहर में अटकलें लगाई जा रही थीं कि शाहनवाज खान सपा में बने रहेंगे या किसी अन्य पार्टी में शामिल होंगे। आज इमरान मसूद ने उन तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए शाहनवाज खान को कांग्रेस का प्रत्याशी घोषित कर दिया। इसके साथ ही शाहनवाज खान ने भी सपा छोड़ कांग्रेस का दामन थाम लिया। राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि राहुल गांधी के “जिसकी जितनी भागीदारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी” के नारे के तहत कांग्रेस अब जमीनी कार्यकर्ताओं को तरजीह दे रही है। इमरान मसूद और आशु मलिक के बीच लंबे समय से चल रहे सियासी मतभेद किसी से छिपे नहीं हैं, ऐसे में यह मुकाबला आगामी विधानसभा चुनाव में दिलचस्प होने वाला हैं।
रिपोर्ट रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़