बिजली विभाग के अधिकारियों को दिए सख़्त निर्देश
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में बिजली विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक में कड़े तेवर अपनाए उन्होने विभाग की कार्यप्रणाली पर गहरा असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने विद्युत आपूर्ति में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त न करने की सख्त चेतावनी दी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार लाया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि खराब ट्रांसफार्मरों को 24 से 48 घंटे के भीतर अनिवार्य रूप से बदला जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में बार-बार ट्रांसफार्मर खराब होने की समस्या को उन्होंने अत्यधिक लोड का परिणाम बताया और वहाँ उच्च क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाने के निर्देश दिए।उपभोक्ता सेवा और सुरक्षा पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने उपभोक्ताओं के साथ व्यवहार में सुधार लाने पर जोर देते हुए कहा कि उनके फोन समय पर रिसीव किए जाएं और उन्हें सही जानकारी दी जाए। जर्जर तारों, पुराने खंभों और खुले में लगे ट्रांसफार्मरों को लेकर भी उन्होंने सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे सभी खतरनाक स्थानों पर तत्काल बैरिकेडिंग की जाए ताकि किसी भी प्रकार की जन या पशुहानि को रोका जा सके जिलाधिकारी ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि “झटपट पोर्टल” पर आने वाले सभी उपभोक्ता आवेदनों का समय पर निस्तारण हो और किसी को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। विशेष रूप से, दिव्यांगों की शिकायतों का समाधान उनके घर जाकर करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने जनता से भी अनावश्यक बिजली की खपत न करने और आवश्यकतानुसार ही पंखा, बल्ब आदि का उपयोग करने की अपील की। बैठक में उपस्थित अधीक्षण अभियंता नंदलाल ने बताया कि विद्युत संबंधी शिकायतों के लिए एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। उपभोक्ता टोल फ्री नंबर 1912 सहित मोबाइल नंबर 7318124866 और 8004912655 पर अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संजय कुमार, अधीक्षण अभियंता नंदलाल, अधिशासी अभियंता प्रथम जितेंद्र नाथ, अधिशासी अभियंता द्वितीय महेंद्र भारती सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश