प्राचीन शिवाजी तालाब के दक्षिण कोने पर सरकारी जमीन पर कब्ज़ा, आम रास्ता अवरुद्ध
आरोप , पहले दिए गए प्रार्थनापत्र पर कोई सुनवाई नहीं,मजबूरन फिर से प्रार्थनापत्र देना पड़ा
दुद्धी सोनभद्र । नगरपंचायत क्षेत्र में प्राचीन शिवाजी तालाब के दक्षिण कोने पर स्थित सरकारी भूमि पर अवैध कब्ज़े का मामला सामने आया है। स्थानीय निवासियों ने उपजिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में अवगत कराया है कि गौतम सोनी पुत्र स्व. प्रदीप सोनी निवासी वार्ड नं 6 दुद्धी ने तालाब के दक्षिण कोने पर स्थित सरकारी भूमि पर अवैध कब्ज़ा कर लिया है, जिससे आम जनता को आवागमन में परेशानी हो रही है।
उपजिलाधिकारी ने थाना प्रभारी निरीक्षक को फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर अवैध कब्ज़ा हटाने का निर्देश दिया है। इसके बावजूद अभी तक अवैध कब्ज़ा नहीं हटाया गया है, जो चिंता का विषय है।
स्थानीय निवासियों विकास कुमार मिश्र, गिरजाशंकर यादव, योगेन्द्र चौबे, कृपा शंकर मिश्र, और नरेंद्र चौबे सहित कई लोगों ने उपजिलाधिकारी दुद्धी को प्रार्थनापत्र देकर अवैध कब्ज़ा हटाने और सड़क निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि 03/05/25 को पहले दिए गए प्रार्थनापत्र पर कोई सुनवाई नहीं हुई, जिससे उन्हें मजबूरन फिर से 17 मई को प्रार्थनापत्र देना पड़ा।
प्रार्थीगण ने उपजिलाधिकारी से मांग की है कि वे मौके की जांच कर अवैध कब्ज़ा हटाने और सड़क निर्माण कार्य पूरा कराने में उनकी मदद करें। उन्होंने कहा कि इससे आम जनता को आवागमन में सुविधा होगी और निर्माण कार्य में भी मुश्किलों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और अवैध कब्ज़ा हटाने के लिए क्या कदम उठाता है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन उनकी समस्या का समाधान करेगा और आम जनता के हित में फैसला लेगा।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी विवेक सिंह