गुना-बेंगलुरु के लिए नई सीधी ट्रेन को मंजूरी
प्रधानमंत्री श्री मोदी, रेल मंत्री श्री वैष्णव एवं संचार मंत्री श्री सिंधिया के प्रति प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने जताया आभार
गुना, अशोकनगर व शिवपुरी देश के आईटी हब बेंगलुरु से सीधा जुड़ेगा
भोपाल/ग्वालियर 28 मई 2025/ गुना से बेंगलुरु के लिए नई रेलगाड़ी को मंजूरी मिल गई है। यह रेल सेवा ग्वालियर-चंबल अंचल की जनता के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात है। शीघ्र ही गुना से बेंगलुरु के लिए सीधी रेल सेवा प्रारंभ होगी। रेल सेवा की सौगात देने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव व संचार व पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रति ग्वालियर जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने आभार जताया है।
केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया के सतत प्रयासों से यह रेल सेवा उपलब्ध होने जा रही है। श्री सिंधिया ने रेल मंत्री श्री वैष्णव को इस संबंध में पत्र लिखा था। रेल मंत्री ने गाड़ी संख्या 11085/11086 “सर एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनल, बेंगलुरु-ग्वालियर (वाया गुना)” के परिचालन को स्वीकृति प्रदान कर दी है।
केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने रेल मंत्री को पत्र लिखकर अवगत कराया था कि गुना लोकसभा क्षेत्र के युवा तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त कर बेंगलुरु में कार्यरत हैं। अशोकनगर, शिवपुरी और गुना जिलों से हर सप्ताह सैकड़ों युवा आईटी और संबंधित क्षेत्रों में काम के लिए बेंगलुरु की यात्रा करते हैं।
अब नहीं करनी होगी भोपाल, बीना या ग्वालियर की अतिरिक्त यात्रा
वर्तमान में उन्हें बीना, भोपाल या ग्वालियर जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती है, जिससे उनकी यात्रा में 8–10 घंटे का अतिरिक्त समय लग जाता है। अपने पत्र में श्री सिंधिया ने यह भी उल्लेख किया था कि इस क्षेत्र की लगभग 40 लाख की आबादी के लिए ग्वालियर से होकर कोटा अथवा बीना की ओर ही रेल मार्ग उपलब्ध है, जिससे सीधे संपर्क की कमी है। प्रस्तावित नई सीधी रेल सेवा इस कमी को दूर करेगी और गुना, अशोकनगर व शिवपुरी जिलों को देश के आईटी हब बेंगलुरु से सीधे जोड़ेगी।
सर एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनल, बेंगलुरु से ग्वालियर के लिए सीधी रेलगाड़ी
रेल मंत्री श्री वैष्णव ने अपने पत्र में लिखा है- आपको यह जानकर प्रसन्नता होगी कि सर एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनल, बेंगलुरु से ग्वालियर वाया गुना के लिए गाड़ी संख्या 11085/11086 के परिचालन को स्वीकृति दी गई है। यह सीधी रेल सेवा गुना क्षेत्र के लोगों के लिए न केवल यात्रा को सहज बनाएगी, बल्कि क्षेत्र के समग्र आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही, आईटी और बीपीओ कंपनियों के लिए गुना जैसे उभरते क्षेत्रों में निवेश की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।” यह रेल सेवा क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए विकास की दिशा में एक सार्थक और ऐतिहासिक कदम सिद्ध होगी।
रिपोर्ट गजेन्द्र सिंह यादव