दुद्धी सोनभद्र।कोतवाली क्षेत्र के झारो गांव में गुरुवार की भोर लगभग 4 बजे मनबसा से दुद्धी जा रही एक बाइक सड़क किनारे रखी गई ईंटों के ढेर से टकरा गई, जिससे बाइक सवार 27 वर्षीय अमर पुत्र शंकर की मौत हो गई। जबकि बाइक सवार 26 वर्षीय कल्लू पुत्र रवि कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजनों ने बताया कि झारो गांव में पुलिया के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार वाहन से बचने के लिए बाइक चालक ने नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे रखी गई ईंटों के ढेर से बाइक जा टकराई। इस हादसे में अमर की मौत हो गई, जबकि कल्लू बुरी तरह से घायल हो गया।
घायल कल्लू को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना पर दुद्धी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
मृतक अमर का एक मासूम बालक है, जिसके सिर से पिता का साया उठ गया है। घटना से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर दुद्धी के मर्चरी हाउस भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हादसे के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है ।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी विवेक सिंह