जिलाधिकारी संग पुलिस अधीक्षक पहुंचे भवरेश्वर धाम।
भोलेनाथ के दर्शन कर, किया मेला परिसर का पूर्ण निरीक्षण, दिए साफ सफाई के आदेश
बछरावां रायबरेली। स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत 3 जनपदों (लखनऊ, रायबरेली व उन्नाव) तथा सई नदी के पावन तट पर स्थित प्राचीन शिव मंदिर भवरेश्वर महादेव मंदिर में सफाई व्यवस्था को लेकर कुछ दिन पूर्व समाचार पत्रों के माध्यम से अधिकारियों को अवगत कराया गया था। जिसको संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, क्षेत्राधिकारी महाराजगंज रामकिशोर सिंह तथा उप जिलाधिकारी महाराजगंज सविता यादव के साथ डीपीआरओ ने साफ सफाई की व्यवस्था को लेकर मेला परिसर का निरीक्षण किया तथा मेला परिसर तथा घाटों की साफ-सफाई के निर्देश दिए। अधिकारियों द्वारा इस प्राचीन एवं भव्य महादेव के मंदिर में श्रद्धा एवं भक्ति के साथ पूजा अर्चना की गई। इस मौके पर मीडिया से मुखातिब होते हुए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है जल्द से जल्द मंदिर प्रांगण की साफ सफाई हो जाएगी तथा सावन मास में लगने वाले यहां भव्य मेले मे किसी भी प्रकार की आकस्मिक घटना से निपटने के लिए गोताखोरों एवं नाविकों की भी तैनाती की जाएगी। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने कहा कि संबंधित अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं, यहां पर बिकने वाली अवैध शराब को जल्द से जल्द बंद कराया जाएगा और आगामी सावन मास में लगने वाले पावन मेले में श्रद्धालुओं को पूर्ण रूप से सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी।
रिपोर्ट, सन्नी