महिला की मौत का कारण बने फर्जी दरोगा की नही हो रही गिरफ्तारी
रिपोर्ट तीरथ सिंह व्यूरो चीफ महोबा
गौरहरी महोबा 19 जून। ससुरालीजनों की प्रताड़ना से परेशान तथा मायके में पिता के साथ रह रही एक महिला को एसआई बनकर धमकाने के भय से आत्महत्या करने वाली महिला को अभी तक न्याय नहीं मिल सका है और एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी अभियुक्त के विरूद्ध कोई कार्यवाही एवं गिरफ्तारी पुलिस द्वारा न किए जाने से परिवारीजनों मे रोष है तथा उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है।
बताते चलें कि चरखारी थाना क्षेत्र के ग्राम गौरहरी निवासी प्रियंका पुत्र विश्वनाथ की शादी केशव पुत्र पवन के साथ 3 वर्ष पूर्व हुई तथा दहेज प्रताड़ना के चलते विगत वर्षो से महिला केशव के साथ ससुराल में न रहकर अपने पिता के साथ गौरहरी में रहती थी। 6 जून को महिला के पति ने अपने घर सरीला में जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया था जिसके कारण 8 जून की उसका देहान्त हो गया और इस बीच ससुरालीजनों द्वारा महिला को कोई जानकारी नहीं दी गयी और जब केशव की मृत्यु हुई तो मौत का ठीकरा प्रियंका के सिर फोड़ने का प्रयास केशव के पिता पवन द्वारा किया गया तथा 8 जून से ही प्रियंका व उसके पिता को मोबाईल पर धमकियां दी जाने लगीं। 8 जून की रात में ही फर्जी एस आई बनकर एक अन्य फोन आया जिसमें प्रियंका को जिन्दगी भर जेल में सड़ा देने की धमकी दी गयी जिससे भयभीत होकर प्रियंका ने 9 जून को सुबह आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पिता करन ने थाना चरखारी में धमकी देने वाले फर्जी एस आई व अन्य लोगों के मोबाईल नम्बर देते हुए आत्महत्या को प्रेरित किए जाने की सूचना दर्ज करायी लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी मृतका को न्याय नहीं मिला सका है और न ही पुलिस ने फर्जी एसआई को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा कोई कार्यवाही न किए जाने पर मृतका का पिता अधिकारियों की चौखट पर दुखड़ा सुनाता फिर रहा है लेकिन उसे न्याय नहीं मिल पा रहा है।