नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो हजारीबाग
विश्व संगीत एवं योग दिवस पर ‘तरंग ग्रुप’ की सुरमयी प्रस्तुति ने मोहा मन
हजारीबाग । अंतरराष्ट्रीय विश्व संगीत एवं योग दिवस के शुभ अवसर पर ‘तरंग ग्रुप हजारीबाग’ द्वारा “सुरमय शाम” नामक एक भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन प्रधान कैफेटेरिया परिसर में बड़े ही उत्साह और उमंग के साथ किया गया। संगीत, योग और नृत्य के अद्भुत संगम ने न केवल दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया, बल्कि समाज को स्वास्थ्य, संस्कृति और नशा मुक्ति का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत आंशिका और आराध्या कुमारी द्वारा प्रस्तुत योग नृत्य से हुई, जिसमें योग मुद्राओं और मधुर संगीत का सुंदर समन्वय देखने को मिला। इसके बाद श्री मां संगीतयन के बच्चों ने समूह गान के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खास आकर्षण बनीं पांच वर्षीय दित्या, जो बेश जैसे ग्रामीण क्षेत्र से आई थीं। उनकी मधुर गायन प्रतिभा को सुनकर दर्शकों ने उन्हें “सब जूनियर लता मंगेशकर” की उपाधि दे डाली।
कार्यक्रम के दौरान तरंग ग्रुप के कलाकारों ने सामूहिक रूप से संगीतमय प्रस्तुति के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश दिया और सभी उपस्थित लोगों से शपथ भी दिलवाई।
निर्देशक अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य विश्व संगीत एवं योग दिवस को मनाने के साथ-साथ समाज में मानसिक, शारीरिक और आत्मिक संतुलन को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश भी दिया गया कि संगीत और योग न केवल कलाएं हैं, बल्कि यह स्वास्थ्य, अनुशासन और आत्मचिंतन के सशक्त माध्यम भी हैं।
इस अवसर पर पारंपरिक लोक प्रस्तुतियों, विविध वाद्य यंत्रों की मधुर ध्वनि, योग-चक्र प्रदर्शन और चित्ताकर्षक नृत्य ने दर्शकों को एक अद्वितीय अनुभव प्रदान किया।
कार्यक्रम में गूंज स्टूडियो के निर्देशक सुबोध आकाश, जानू राज फिल्म्स के निर्देशक हंसराज लोहारा, वरिष्ठ कलाकार प्रवीण राठौर और शशिकांत चुन्नु की प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत गायन, नृत्य और वादन ने पूरे माहौल को संगीतमय बना दिया और दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
हजारीबाग की जनता ने इस आयोजन को दिल से सराहा और भारी संख्या में पहुंचकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। साथ ही, विभिन्न आयोजनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर दीपक घोष, सीमा घोष, धीरज गुप्ता, ललन कुमार, अशोक कुमार, राजपाल नारायण, राजीव रंजन मिश्रा, ज्ञान सागर, इंद्रजीत भारती, रोहित हजारा, मिथुन, शिवानी, हेमंत, नंदनी, अरुण सहित अनेक युवाओं की सक्रिय भागीदारी रही, जिसे विशेष रूप से सराहा गया।
कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन तरंग ग्रुप के निर्देशक अमित कुमार गुप्ता द्वारा किया गया।