गुना पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के दिशा निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गुना मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में यातायात प्रभारी निरीक्षक अजयप्रताप सिंह कुशवाह द्वारा अपनी यातायात टीम के साथ शहर में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम व आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता हेतु एक अभियान के रूप में कार्यवाहियां की जा रहीं हैं।
वर्तमान में बरसात का मौसम चल रहा है और इस मौसम में अधिकांशत: गौवंश सड़क पर बैठे होते हैं अथवा सड़कों पर विचरण करते हैं, जो कि रात्रि के अंधेरे में अक्सर सड़क दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं।
रात्रि के समय सड़कों पर गौवंश के विचरन की वजह से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से यातायात प्रभारी निरीक्षक अजयप्रताप सिंह कुशवाह द्वारा अपने स्टाफ के साथ नानाखेड़ी रोड पर तक़रीबन 40-45 गौवंश को रेडियम-रिफ्लेक्टिव बेल्ट्स पहनाए गए।
साथ ही आम जनता से भी सहयोग की अपेक्षा की गई कि बरसात के समय में पालतू पशुओं को अपने घर-परिसर में रखें । लापरवाही पूर्वक उन्हें लावारिस हालत में सड़कों पर न छोड़े और शहरी क्षेत्रों अथवा ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों और हाईवे पर विचरण कर रहे गौवंश व आवारा मवेशियों को रेडियम रिफ्लेक्टर बेल्टस पहनाने में सहयोग करें, जिससे बरसात के मौसम में रात के समय अंधेरा होने पर वाहन चालकों को दूर से ही गौवंश की पहचान हो जाए और दुर्घटना से बचा जा सके और किसी तरह की जनहानि न हो, सभी लोग सुरक्षित घर पहुँचे।
यातायात नियमों का पालन करें – स्वयं भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें सड़क सुरक्षा – जीवन सुरक्षा।
जिला गुना से व्यूरो चिफ गोलू सेन की रिपोर्ट