खुर्जा। श्री जय शिव निष्काम सेवा मंडल (रजि.) के तत्वावधान में आयोजित 31वें वार्षिक उत्सव के सुअवसर पर मंगलवार को नगर में एक भव्य एवं दिव्य मंगल कलश यात्रा निकाली गई। इस पावन यात्रा में 2100 सौभाग्यशाली माता-बहनों ने एक रंग में सुसज्जित कलश सिर पर धारण कर भाग लिया, जिससे पूरे नगर का वातावरण भक्तिमय हो गया। कलश यात्रा प्रातः 9:30 बजे श्री चामुंडेश्वर मंदिर से शुरू हुई। इसके बाद यात्रा गांधी रोड, कबाड़ी बाजार, विन्दावाला चौक, सर्राफा बाजार, बजाजा बाजार, अनाज मंडी, बड़ा दरवाजा, सुभाष रोड और ककराला से होते हुए गंतव्य स्थल राज उपवन (राज नारायण की कोठी) पहुंचकर संपन्न हुई।
मनमोहक झांकियों और बैंड-बाजे ने बांधा समां यात्रा में सबसे आगे भगवान श्री गणेश जी की मनमोहक झांकी चल रही थी। इसके साथ ही कथा व्यास आचार्य अतुल कृष्ण जी महाराज का रथ, शहनाई और बैंड-बाजे पर गूंजते भक्ति गीतों की मधुर ध्वनियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। नगर में जगह-जगह श्रद्धालुओं एवं स्थानीय निवासियों ने कलश यात्रा पर पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। यात्रा के समापन पर सहभागी सभी माता-बहनों को भोजन प्रसाद वितरित किया गया। कलश यात्रा में मुख्य यजमान इंजीनियर गिरीशचन्द गुप्ता ने अपनी धर्मपत्नी रमा गुप्ता के साथ पवित्र श्रीमद्भागवत ग्रंथ को सिर पर धारण कर श्रद्धाभाव के साथ कथा मंडप तक पहुंचाया। कार्यक्रम की व्यवस्था को सुचारू बनाने में मंडल के सचिव पूरन चंद शर्मा, कौशल गुप्ता, गणेश गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, नीलकमल, चारु गुलाठी, गगन अरोरा, संजय तोमर, राजेश गोविल, योगेंद्र गुप्ता और राजकुमार लालाजी सहित अनेक कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।
आज से गूंजेगी संगीतमयी भागवत कथा
मंडल के सचिव पूरन चंद शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार, 30 सितंबर से प्रतिदिन सायं 6:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक कथा व्यास परम पूज्य आचार्य श्री अतुल कृष्ण जी महाराज के मुखारविंद से संगीतमयी भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से सपरिवार एवं इष्ट-मित्रों सहित पधारकर धर्म लाभ उठाने की अपील की है।