बाढ़ राहत मॉक ड्रिल में स्काउट-गाइड ने दिखाया जज्बा, SDRF टीम ने दी प्रशिक्षण
निचलौल (महराजगंज), 26 जून 2025
स्वामी विवेकानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, निचलौल के स्काउट और गाइड के विद्यार्थियों ने बाढ़ राहत कार्यों की मॉक ड्रिल में भाग लेकर अपने साहस और सेवा भावना का परिचय दिया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम ठूठीबारी के चन्दन नदी पर आयोजित किया गया, जहां एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन, बचाव तकनीक तथा बाढ़ के समय आवश्यक उपायों की जानकारी दी।
इस अभ्यास कार्यक्रम में जिले के कई विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। स्काउट गाइड के जिला संगठन आयुक्त श्री शशांक गुप्त स्वयं उपस्थित रहकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड का उद्देश्य केवल अनुशासन और नेतृत्व नहीं, बल्कि समाज सेवा में तत्पर रहना भी है।
बच्चों ने जीवन रक्षक तकनीक, बोटिंग, प्राथमिक चिकित्सा, और फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने की प्रक्रिया को सीखा और उसका अभ्यास भी किया।
इस कार्यक्रम में एसडीएम निचलौल और क्षेत्राधिकारी (CO) की उपस्थिति रही, जिन्होंने बच्चों के प्रयासों की सराहना की और उन्हें भविष्य में समाज सेवा में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल आपदा के समय सजगता बढ़ाने वाला रहा, बल्कि बच्चों में आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना भी विकसित करता है।
रवि प्रताप सिंह ( ब्यूरो चीफ महाराजगंज)