नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो हजारीबाग।
विभावि के स्नातक में नामांकन हेतु आवेदन 5 जुलाई तक किए जा सकते हैं
हजारीबाग: विनोबा भावे विश्वविद्यालय के अंगीभूत एवं संबद्ध महाविद्यालयों में चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम मे नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि अब 5 जुलाई कर दी गई है। पूर्व में यह 28 जून तक थी। परंतु उक्त अवधि में करीब तीन दिन चांसलर पोर्टल का सर्वर डाउन था जिसके चलते अनेको विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन नहीं कर सके। कुछ विद्यार्थियों ने इस विषय पर विश्वविद्यालय प्रशासन से संपर्क भी किया।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो चंद्र भूषण शर्मा ने विद्यार्थियों को हो रही परेशानी पर तत्काल संज्ञान लेते हुए विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की तिथि को 5 जुलाई 2025 तक विस्तारित करने का आदेश दिया।
विश्वविद्यालय के चांसलर पोर्टल सह नामांकन के नोडल पदाधिकारी डॉ इंद्रजीत कुमार ने बताया कि 28 जून 2025 के संध्या 5:00 बजे तक विभावि के चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम में नामांकन के लिए उनचालीस हजार (39000) आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।
डॉ इंद्रजीत कुमार ने इस संबंध में विद्यार्थियों से आग्रह किया है कि नामांकन आवेदन समर्पित करने के इच्छुक विद्यार्थी अंतिम समय की प्रतीक्षा न करें। जिन विद्यार्थियों को नामांकन लेना है वह शीघ्र चांसलर पोर्टल के माध्यम से नामांकन हेतु आवेदन की प्रक्रिया को पूर्ण कर ले।