नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो हजारीबाग।
उपायुक्त ने लगाया जनता दरबार, एक दर्जन से अधिक फरियादियों ने लगाई गुहार
समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
हजारीबाग : 01 जुलाई 2025: समाहरणालय सभागार में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने जिले के विभिन्न हिस्सों से आए आम नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
जनता दरबार में एक दर्जन से अधिक फरियादी अपनी-अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे। इन आवेदनों में पेंशन, आवास, विद्युत संकट, दाखिल-खारिज, अवैध कब्जा, भूमि विवाद, जलजमाव, भूमि अतिक्रमण जैसी प्रमुख शिकायतें शामिल रहीं।
प्रमुख मामले इस प्रकार रहे:
पदमा प्रखंड के सुरजपुरा टोंगरी मोहल्ला के नागरिकों ने क्षेत्र में ट्रांसफार्मर जलने के कारण हो रही विद्युत समस्या से अवगत कराया। उपायुक्त ने विद्युत विभाग को त्वरित समाधान का निर्देश दिया।
कटकमसांडी हेदलाग के ईश्वर रविदास ने पेंशन भुगतान नहीं होने की शिकायत दर्ज की। उपायुक्त ने सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा को जांच कर उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
कोर्रा निवासी मेबल मसीह खलखो ने अपनी भूमि पर हो रहे अवैध कब्जे और भवन निर्माण की शिकायत की, जिस पर उपायुक्त ने जांचोपरांत आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।
बरही के हरिला निवासी बदरी मिर्घा ने भूमि विवाद में मारपीट और गाली-गलौच की शिकायत की। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर न्यायसंगत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
चौपारण प्रखंड के रामपुर गांव के लोगों ने सरकारी जमीन पर हो रहे अतिक्रमण की शिकायत की। उपायुक्त ने इस पर तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
कोर्रा के चितरंजन प्रसाद गुप्ता ने रास्ता काटे जाने के कारण हो रहे जलजमाव और राहगीरों को हो रही असुविधा से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारी को समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मलवीय मार्ग निवासी दीनानाथ सहाय ने खास महल की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत की। उपायुक्त ने जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आदेश दिया।
जनता से सीधा संवाद, समस्या समाधान का भरोसा
जनता दरबार के दौरान उपायुक्त ने प्रत्येक फरियादी से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों की शीघ्रता से जांच कर न्यायसंगत व त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।