नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो हजारीबाग।
हजारीबाग में भाजपा का पुतला दहन, झामुमो ने लगाया उपद्रव की साजिश रचने का आरोप
हजारीबाग, 3 जुलाई:झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) हजारीबाग जिला समिति ने गुरुवार को झंडा चौक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का पुतला दहन किया। यह विरोध प्रदर्शन भोगनाडीह में हूल दिवस कार्यक्रम के दौरान उपद्रव फैलाने की कथित कोशिश के खिलाफ किया गया।
कार्यकर्ताओं ने बंशीलाल चौक से जुलूस निकालते हुए “भाजपा की दोहरी नीति नहीं चलेगी” के नारे लगाए। मौके पर झामुमो के वरिष्ठ नेता कमल नयन सिंह ने कहा कि सत्ता की लालच में भाजपा कुछ भी कर सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि हूल दिवस जैसे ऐतिहासिक और जनभावनाओं से जुड़े कार्यक्रम को विफल करने की कोशिश भाजपा द्वारा सुनियोजित तरीके से की गई।
झामुमो जिला सचिव नीलकंठ महतो ने कहा कि भाजपा नेता मंडल हेंब्रम ने एक माह पूर्व से ही भोगनाडीह और आसपास के इलाकों में धोती-साड़ी बांटकर लोगों को भड़काने की साजिश रची थी। हालांकि प्रशासन की सतर्कता से यह प्रयास विफल हो गया और भाजपा की रणनीति उजागर हो गई।
पुतला दहन कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष नवीन प्रकाश, निसार अहमद, रंजीत मेहता, सत्येंद्र मेहता, राजेश मेहता, दयानंद मेहता, रामकुमार मेहता, बीरबल मेहता, राजेंद्र कुशवाहा, सुरेंद्र मेहता, छत्रधारी कुशवाहा, विकास राणा, इपतेखार अहमद, नईम राही, बाबू विक्रम, आनंद सिंह, विवेक राणा, अजय कुमार, दिलीप वर्मा, सतीश दास, अजय साव, देवीराम हेंब्रम, अनवर हुसैन, बबन खान, मोनू शर्मा, विकास यादव और कैसर जमाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे।
झामुमो नेताओं ने चेतावनी दी कि भविष्य में अगर ऐसे किसी ऐतिहासिक दिवस पर अशांति फैलाने की कोशिश हुई, तो पार्टी सड़कों पर उतरकर इसका करारा जवाब देगी।