आज सुबह 24 जुलाई 2025 को लगभग 6:45 बजे, बोकाजन सब-डिवीजन के हातिगढ़, कवारम गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक व्यक्ति, टपोन काकोटी ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार (दाउ) से गला काटकर निर्मम हत्या कर दी।
जब हमारी टीम मौके पर पहुंची और मृतका की बेटी से बात की गई, तो उसने बताया कि उसके माता-पिता के बीच किसी तरह का झगड़ा या मनमुटाव नहीं था — सबकुछ सामान्य था। लेकिन आज सुबह जब वह नींद से जगी, तो उसने देखा कि उसके पिता के हाथ में दाउ था और उसकी मां की हत्या कर दी गई थी।
डरी-सहमी बेटी चिल्लाते हुए भागी क्योंकि उसके पिता ने उसे भी मारने की कोशिश की। सौभाग्यवश वह किसी तरह जान बचाकर घर से बाहर निकलने में कामयाब रही। बेटी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत बोकाजन थाना पुलिस को सूचना दी।
पुलिस समय रहते घटनास्थल पर पहुंच गई और आरोपी टपोन काकोटी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
बोकाजन से: दुलु दत्ता, ब्यूरो चीफ, करबी आंगलोंग, असम