एसडीएम दुद्धी ने कृषि मंडी समिति का किया औचक निरीक्षण
दुद्धी सोनभद्र । एसडीएम निखिल यादव ने शुक्रवार को कृषि मंडी समिति का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण से मंडी समिति में हड़कंप मच गया। एसडीएम ने मंडी समिति के सभी पत्रावलियों की बारीकी से जांच की और मंडी परिसर में भ्रमण कर गोदाम, आढ़तियों की दुकान, मंडी परिसर में गंदगी और कर्मचारियों की लापरवाही की हालत का निरीक्षण किया।
एसडीएम निखिल यादव ने कहा कि कृषि मंडी में लगातार शिकायतें मिल रही थीं। मंडी परिसर में सफाई को लेकर संबंधित ठेकेदार को नोटिस दिया गया है। पीआरडी के तीन जवानों का वेतन रोकने के लिए निर्देशित किया गया है। मंडी समिति के गोदाम में चावल, धान, जौ सहित अन्य अनाज का विवरण का मिलान किया गया है। सचिव की लापरवाही की शिकायत पर जांच की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान सैकड़ों किसानों ने एसडीएम को यूरिया खाद नहीं मिलने की जानकारी दी। किसानों ने बताया कि वे सुबह से लाइन में लगे हुए थे, लेकिन अभी तक खाद नहीं मिला था। एसडीएम निखिल यादव ने तत्काल क्रय विक्रय केंद्र संचालक को बुलाकर सभी किसानों को यूरिया खाद उपलब्ध कराया। उन्होंने संबंधित अधिकारी से बात कर खाद की व्यवस्था की और किसानों को आश्वस्त किया कि भविष्य में इस तरह की समस्या नहीं होगी।
किसानों ने एसडीएम की पहल पर खाद मिलने पर आभार व्यक्त किया। किसानों ने बताया कि समय पर खाद नहीं मिलने से उनकी फसल बर्बाद हो रही थी। एसडीएम की कार्रवाई से उन्हें राहत मिली है और वे अपनी फसल की देखभाल कर पाएंगे।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी विवेक सिंह