टेढ़ी घाट गंगापुर में कच्चा मकान ढहा, एक ही परिवार के 8 लोग घायल –
महराजगंज (नौतनवां), 14 अगस्त:
जिले के नौतनवां तहसील के अंतर्गत टेढ़ी घाट गंगापुर गांव में 13 अगस्त 2025 की सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ। गांव के एक कच्चे मकान के अचानक भरभराकर गिर जाने से एक ही परिवार के आठ सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना ने पूरे गांव को हिला कर रख दिया है।
घटना सुबह लगभग 10:30 बजे की है, जब जनकराज (60) का पूरा परिवार घर के अंदर मौजूद था। अचानक मकान की दीवारें और छत भरभरा कर गिर गईं, जिससे पूरा परिवार मलबे में दब गया। आसपास के लोगों ने हादसे की आवाज सुनते ही मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू शुरू किया और घायलों को बड़ी मशक्कत से बाहर निकाला।
घायलों में जनकराज (60), शांति (60), महेंद्र (38), सुनीता (35), मीरा (30), विनय (15), अनुप (7), और अनुस्का (6) शामिल हैं। सभी को पहले लक्ष्मीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल, महराजगंज रेफर कर दिया गया।
परिवार की पहले से ही आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर थी, और अब इस हादसे ने उनकी परेशानियों को और बढ़ा दिया है। सबसे चिंता की बात यह है कि घटना के कई घंटे बीत जाने के बावजूद न तो कोई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचा और न ही किसी तरह की सरकारी सहायता पीड़ित परिवार को मिल सकी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के चलते कई पुराने कच्चे मकान जर्जर हो चुके हैं, और प्रशासन को पहले ही इनकी स्थिति का आकलन कर कार्रवाई करनी चाहिए थी।
स्थानीय प्रशासन पर उठ रहे सवाल
पीड़ित परिवार को तत्काल राहत, आर्थिक सहायता और पुनर्वास की आवश्यकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि उन्हें त्वरित मदद मुहैया कराई जाए और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
रवि प्रताप सिंह (ब्यूरो चीफ महराजगंज)