सहारनपुर में ‘ऑपरेशन सवेरा’ लॉन्च, नशे के कारोबारियों पर टूटेगा पुलिस का कहर
सहारनपुर । सहारनपुर परिक्षेत्र में नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई की शुरुआत हो चुकी है। माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार, सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा ऑपरेशन सवेरा की शुरुआत की गई है। इस अभियान का उद्देश्य है अवैध नशे के कारोबार में लिप्त अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर समाज को नशामुक्त बनाना।
ऑपरेशन सवेरा के अंतर्गत मुख्य बिंदु
परिक्षेत्र के तीनों जनपदों सहारनपुर, मुज़फ़्फ़रनगर व शामली में नशे के मैन्युफैक्चरर्स, सप्लायर्स, मध्यस्थों और पैडलर्स के खिलाफ व्यापक पुलिस अभियान चलाया जाएगा।
नशे के नेटवर्क की जड़ तक पहुँचने हेतु फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेजेस को चिन्हित कर समाप्त किया जाएगा। नशीले पदार्थों के माफियाओं पर कड़ी कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ उनकी अवैध संपत्तियों को जब्त किया जाएगा।
PIT-NDPS Act के तहत मुख्य सरगनाओं को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।
युवाओं और विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करने हेतु विभिन्न जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे। ऑपरेशन कन्विक्शन के अंतर्गत NDPS एक्ट के अंतर्गत लंबित मामलों की समीक्षा कर दोषियों को शीघ्र सजा दिलाने पर जोर रहेगा। नशामुक्ति केंद्रों का निरीक्षण कर उपचाराधीन व्यक्तियों की समस्याओं को दूर कर उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
पुलिस की अपील ऑपरेशन सवेरा केवल एक पुलिस अभियान नहीं, बल्कि समाज को नशे की लत से छुटकारा दिलाने की एक सामूहिक पहल है। सहारनपुर परिक्षेत्र पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि वे इस मुहिम में सहयोग करें, नशे के खिलाफ आवाज़ उठाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
संदेश स्पष्ट है नशे के अंधकार से, जीवन के उजाले की ओर ऑपरेशन सवेरा के माध्यम से सहारनपुर पुलिस कर रही है एक स्वस्थ और सुरक्षित समाज की ओर निर्णायक प्रस्थान।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़