दुद्धी न्यायालय परिसर में विद्युत आपूर्ति की गंभीर समस्या, बार एसोसिएशन ने उठाई आवाज़
दुद्धी सोनभद्र। दुद्धी बार एसोसिएशन और सिविल बार एसोसिएशन ने संयुक्त रूप से तहसील मुख्यालय दुद्धी में न्यायिक एवं प्रशासनिक कार्यों के दौरान हो रही विद्युत आपूर्ति की अनियमितताओं को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक को पत्र भेजा है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेमचंद यादव, सिविल बार अध्यक्ष प्रभु सिंह कुशवाहा एवं सचिव राकेश कुमार गुप्ता के हस्ताक्षरित पत्र में कहा गया है कि तहसील दुद्धी के न्यायालयों सिविल जज, अपर सिविल जज, उपजिलाधिकारी न्यायालय, अभिलेख अधिकारी, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार सहित सभी न्यायालयों में नियमित रूप से बड़ी संख्या में वादकारी एवं आमजन न्यायिक कार्यों हेतु आते हैं। लेकिन विद्युत विभाग की लापरवाही और मनमानी कटौती के चलते न्यायिक कार्य अक्सर बाधित हो रहे हैं।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि शासन एवं माननीय उच्च न्यायालय की सहमति से तहसील मुख्यालयों को 22-24 घंटे विद्युत कटौती मुक्त आपूर्ति उपलब्ध कराए जाने का आदेश पहले ही पारित किया जा चुका है, इसके बावजूद दुद्धी तहसील मुख्यालय के लिए अब तक अलग विद्युत फीडर नहीं बनाया गया है। न्यायालयों का कनेक्शन आम जनता के कनेक्शन ट्रांसफार्मर से ही जुड़ा हुआ है, जिससे पूरे दिन में बमुश्किल 2-3 घंटे ही बिजली मिल पाती है।
बार एसोसिएशन ने कहा कि न्यायिक कार्यों के लिए अलग से जनरेटर अथवा कोई वैकल्पिक व्यवस्था उच्च न्यायालय द्वारा उपलब्ध नहीं कराई गई है। इस स्थिति में अधिवक्ताओं और वादकारियों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
संघ ने मांग की है कि दुद्धी तहसील मुख्यालय में शासनादेशों के अनुरूप शीघ्र ही अलग विद्युत फीडर बनाकर न्यायालयों एवं प्रशासनिक कार्यालयों को 22-24 घंटे निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जाए, ताकि न्यायिक कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सकें।
मामले की जानकारी रजिस्ट्रार जनरल इलाहाबाद उच्च न्यायालय, जिलाधिकारी सोनभद्र और उपजिलाधिकारी दुद्धी को भी प्रेषित की गई है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह