खरटिया जंगल में मिला विवाहिता का शव, इलाज के दौरान मौत
दुद्धी सोनभद्र।क्षेत्र के खरटिया जंगल में मंगलवार अपराह्न उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने जंगल में एक विवाहिता का शव पड़ा देखा। मृतका की पहचान इरावती देवी (32) पत्नी देवप्रसाद, निवासी मधुबन टोला खरटिया, थाना दुद्धी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार अपराह्न करीब तीन बजे खरटिया के जंगल में एक चरवाहा मवेशी चरा रहा था, तभी उसने जंगल में महिला को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। उसने तुरंत ग्राम प्रधान मधुबन बर्फीलाल को जानकारी दी। ग्राम प्रधान ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना पर पहुँची पुलिस ने महिला को तत्काल निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुँचाया, जहाँ इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका के परिजनों ने बताया कि इरावती देवी करीब 4–5 दिन पहले मोबाइल संबंधी काम के लिए घर से निकली थीं ,लेकिन उस दिन के बाद वह लौटकर घर नहीं आईं। परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे।
इरावती देवी अपने पीछे तीन पुत्र और एक पुत्री छोड़ गई हैं। चारों ही बच्चे अविवाहित और छोटे हैं, जिससे परिवार गहरे सदमे और संकट में है।
गाँव में इस घटना को लेकर शोक का माहौल है। ग्रामीणों के मन में सवाल है कि चार–पाँच दिन पहले घर से निकली महिला आखिरकार जंगल में कैसे पहुँची और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई ।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह