मधुबन में चेक डैम में डूबने से किसान की मौत,परिजनों में कोहराम
दुद्धी /सोनभद्र। थाना क्षेत्र के मधुबन गांव में मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया।जहां बंधी में डूबने से 53 वर्षीय अधेड़ किसान की मौत हो गई ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मधुबन निवासी जयलाल (53) पुत्र स्वर्गीय राम सेवक सुबह करीब 6 बजे घर से कुछ दूरी पर स्थित चेक डैम (बंधी) में नहाने गए थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
तलाशी के दौरान लोगों को बंधी के किनारे उनका कपड़ा मिला। डूबने की आशंका पर ग्रामीण बंधी में उतरे और खोजबीन की। इसी दौरान शव पैर से टच हुआ, जिसके बाद ग्रामीणों ने हेंगर हुक से खींचकर बाहर निकाला। घटना की जानकारी ग्राम प्रधान बर्फीलाल को दी गई, जिन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम हेतु दुद्धी सीएचसी भेज दिया।
मृतक किसान थे और उनके परिवार में एक पुत्र व तीन पुत्रियां हैं, जो सभी विवाहित हैं। घटना के बाद से गांव में मातम का माहौल है और मृतक की पत्नी बीरबसिया देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह