प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला, एक दिन पहले प्रेमिका ने भी की थी आत्महत्या
मीरगंज, बरेली। क्षेत्र के थाना शाही के गांव खजुरिया में गुरुवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में यूकेलिप्टस के पेड़ पर लटका मिला। खेतों पर गए किसानों ने सबसे पहले शव को देखा और इसकी सूचना परिजनों व ग्राम प्रधान छेदा लाल राजपूत को दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवारजन व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों के अनुसार मृतक लालता प्रसाद (19) का लंबे समय से एक युवती से प्रेम संबंध था। दोनों की नजदीकियां काफी बढ़ चुकी थीं, लेकिन इस बीच युवक की शादी कहीं और तय हो गई। बताया जा रहा है कि इससे आहत युवती ने बुधवार को फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। युवती की मौत की खबर से सदमे में आए लालता प्रसाद ने भी गुरुवार को जंगल में जाकर आत्महत्या कर ली।
सूत्रों के अनुसार, जिस लड़की से लालता प्रसाद की शादी हुई थी, उसने कई बार ससुराल आने के बाद यह संदेह जताया कि उसका पति किसी और से प्रेम करता है। इसीलिए उसने ससुराल वालों के साथ रहने से इनकार कर दिया था। इससे परिवार और युवक दोनों मानसिक तनाव में थे।
मृतक के परिवारजनों का कहना है कि लालता प्रसाद ने खुदकुशी की है। उनका किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं थी। चार भाइयों में लालता सबसे छोटा था।
शाही थाना अध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।
प्रवन पाण्डेय
Indian Tv News National
जिला संवाददाता बरेली