✍राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
शिक्षकों के साझा प्रयासों से माध्यमिक शाला सिमरिया सानी बना सबकी प्रेरणा
कटनी – कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देशन में डाइट कटनी द्वारा प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों की निरन्तर मॉनिटरिंग की जा रही है। इसी क्रम में डाइट फैकल्टी राजेन्द्र असाटी एवं डीआरजी मंगलदीन पटेल द्वारा विगत दिनों शासकीय माध्यमिक शाला पिपरिया कला एवं सिमरिया सानी का भ्रमण किया गया।
भ्रमण के दौरान पाया गया कि पिपरिया कला में राज्य शिक्षा केन्द्र के निर्देशों के अनुरूप न तो टाइम टेबल बनाया गया है और न ही पुस्तकालय का संचालन किया जा रहा है। साथ ही शिक्षकों द्वारा लगभग दो माह बीत जाने के बाद भी पाठ्यक्रम माहवार पूर्ण नहीं किया गया है। शिक्षकों द्वारा बिना पाठ योजना के अध्यापन कार्य कराया जाना एवं शिक्षण कक्षों में प्रकाश व्यवस्था के अभाव के साथ ही निर्देशित 15 लक्ष्यों पर भी अपेक्षित कार्य नहीं किया गया है।
इन सभी तथ्यों को संज्ञान में लेते हुए डाइट फैकल्टी द्वारा पिपरिया कला की प्रधानाध्यापक को तत्काल माध्यमिक शाला सिमरिया सानी का भ्रमण कराया गया एवं सभी गतिविधियों का सूक्ष्म अवलोकन करते हुए अपनी शाला के प्रदर्शन में सुधार के निर्देश दिए गए। इसका फॉलोअप 15 दिवस पश्चात किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि सिमरिया सानी प्रधानाध्यापक इंद्रभान निगम के नेतृत्व में शासकीय माध्यमिक शाला सिमरिया सानी द्वारा शिक्षकों, एसएमसी और जन प्रतिनिधियों के सहयोग से विद्यालय में बच्चों के पठन-पाठन, खेल-कूद, पेयजल एवं पुस्तकालय संचालन तथा कार्यालय प्रबंधन हेतु उत्कृष्ट व्यवस्थाएं की गई हैं। स्कूल प्रमुख निगम ने बताया कि उन्हें सभी शिक्षक पालकों और जन शिक्षक ने स्कूली व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में निरन्तर सहयोग किया है जिसके कारण उनके विद्यालय में छात्रों की उपस्थिति एवं शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर हुई है। स्कूल द्वारा बेहतर पर्यावरण के साथ-साथ बच्चों की अकादमिक दक्षताओं को बेहतर करने हेतु कई रचनात्मक प्रयास किए गए है।
इस स्कूल द्वारा किए गए कार्यों के अवलोकन हेतु द्वितीय पाली में शैक्षिक संवाद किया गया जिसमें जन शिक्षा केन्द्र पिपरिया के लगभग 25 शिक्षकों द्वारा अवलोकन के पश्चात अपने विद्यालय को भी बेहतर बनाने का संकल्प व्यक्त किया गया। डाइट फैकल्टी द्वारा शैक्षिक संवाद के दौरान सिमरिया सानी एवं सिंगौड़ी में शिक्षक संदर्शिका के प्रभावी उपयोग से धारा प्रवाह पढ़ने हेतु चर्चा की गई। शैक्षिक संवाद में बिना अनुमति अथवा बिना सूचना के अनुपस्थित शिक्षकों को स्पष्टीकरण जारी कर कार्यवाही करने एवं अच्छा कार्य करने वाली शालाओं को जन शिक्षा केन्द्र स्तर से सराहना प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिये गए।
भ्रमण के अंत में कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास विजयराघवगढ़ में छात्राओं के अकादमिक स्तर तथा एट ग्रेड अभ्यास पुस्तिकाओं की जांच की गई। छात्राओं का स्तर संतोषजनक पाया गया किंतु एट ग्रेड अभ्यास पुस्तिकाओं में पेंसिल की जगह पेन से अभ्यास करने के निर्देश दिए गए। मॉनिटरिंग के दौरान शिक्षक रचना मिश्रा, संध्या श्रीवास्तव, इंद्रभान निगम, बालकिशन विश्वकर्मा, दीपक चढ़ार, नीरोज, कृष्ण चंद्र, खुशबू द्विवेदी ने सहयोग प्रदान किया।