उरई(जालौन):
आगामी त्यौहारों बुढ़वा मंगल,गणेश चतुर्थी व बारावफात पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक:
त्यौहारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण और अमन-चैन के साथ मनाने की अपील:
उरई नगर कोतवाली में रविवार को प्रभारी सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार व सीओ सिटी अर्चना सिंह की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई। इसमें आगामी त्यौहार बुढ़वा मंगल पर्व, दंगल, गणेश चतुर्थी व बारावफात के मौके पर सुरक्षा व्यवस्था व तैयारियों पर चर्चा की गई। प्रभारी सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि उरई की गंगा-जमुनी तहजीब पूरे प्रदेश के लिए मिसाल है। यहां सभी धर्म और वर्ग के लोग मिल- जुलकर त्योहार मनाते हैं। उन्होंने साफ- सफाई, बिजली व्यवस्था व अफवाहों से बचने पर विशेष जोर दिया। सीओ सिटी अर्चना सिंह ने कहा कि त्योहारों के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी की जाएं। लाउडस्पीकर की आवाज नियंत्रित रखने, सीसीटीवी कैमरे लगाने, आग से बचाव हेतु पानी व बालू की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि माइक की अनुमति अनिवार्य रूप से ली जाए और जुलूस की जानकारी प्रशासन को पहले दी जाए। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि विजय चौधरी, ईओ राम अचल कुरील, मुख्य अग्निशमन अधिकारी अरविंद कुमार सिंह, पुजारी राहुल महाराज, ठड़ेश्वरी मंदिर व्यवस्थापक राम आसरे त्रिवेदी, अलीम सर, हाफिज जमील, शहर काजी शकील बेग रहमानी, हाफिज मंजूर अहमद, गणेश समितियों के सदस्य और मुस्लिम धर्मगुरु मौजूद रहे। शांति समिति की बैठक में कोतवाल अंजन कुमार सिंह ने कहा कि आपसी सहयोग से ही त्योहार शांति व सौहार्द के साथ मनाए जा सकते हैं।
(अनिल कुमार ओझा, ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश