गणेश विसर्जन की तैयारियों का नगर परिषद अध्यक्षा पलक नामित ग्रोवर ने लिया जायजा
जिला कटनी।कैमोर नगर परिषद की नवनिर्वाचित अध्यक्षा पलक नामित ग्रोवर एवं नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनीष परते गुरुवार को विसर्जन घाट पहुंचे। यहाँ उन्होंने आगामी 6 अगस्त को होने वाले गणेश विसर्जन की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्षा एवं सीएमओ ने घाट क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गणेश विसर्जन के दौरान भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, ऐसे में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो इसके लिए सभी विभागों को समन्वय स्थापित कर समय पर तैयारी पूरी करनी होगी।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विसर्जन घाट पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाए, साथ ही श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए सड़क चौड़ीकरण और बैरिकेडिंग का कार्य प्राथमिकता से किया जाए। वहीं सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल की मौजूदगी और नगर पालिका कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने की भी बात कही गई।
नगर परिषद अध्यक्षा ने नगरवासियों से भी अपील की कि वे गणेश विसर्जन के दौरान प्रशासन का सहयोग करें और स्वच्छता एवं शांति बनाए रखने में सहभागी बनें।
इस दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनीष परते, नगर परिषद अध्यक्षा पलक ग्रोवर, उद्योगपति नामित ग्रोवर, स्वच्छता निरीक्षक P.R सिंह, वार्ड क्रमांक 12 पार्षद शरीफ खान, वार्ड क्रमांक 11 पार्षद राजेश पाण्डेय वार्ड क्रमांक समाजसेवी मनीष नावेत , एवं नीलू रजक की उपस्थिति रही ।
कैमोर से श्याम कुमार गुप्ता की रिपोर्ट ।