सहारनपुर पुलिस लाइन्स में 50 जर्जर आवास, डीआईजी ने दिए ध्वस्तीकरण व नवनिर्माण के निर्देश
सहारनपुर । पुलिस उप महानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र श्री अभिषेक सिंह ने सोमवार को पुलिस लाइन्स सहारनपुर में पुलिस कर्मियों के राजकीय आवासों एवं बैरक का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लगभग 50 आवास अत्यधिक पुराने और जर्जर हालत में पाए गए।
पुलिस अधीक्षक यातायात/लाइन्स ने अवगत कराया कि इनमें से 29 आवासों को पहले ही निष्प्रयोज्य घोषित करने की कार्यवाही चल रही है। डीआईजी ने निर्देश दिए कि शेष 21 आवासों एवं पुलिस अस्पताल भवन को भी निष्प्रयोज्य घोषित करने की प्रक्रिया पूरी की जाए। साथ ही जिन आवासों की स्थिति बेहद खराब है, उनमें रह रहे कर्मचारियों को नोटिस देकर आवास खाली कराने के आदेश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने मौके पर मौजूद सहायक अभियंता दीप्ति यादव एवं अवर अभियंता कुलदीप राणा को इन जर्जर भवनों को निष्प्रयोज्य घोषित कराने में आवश्यक सहयोग देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निष्प्रयोज्य घोषित करने के बाद नियमानुसार ध्वस्तीकरण व नवनिर्माण की कार्यवाही शीघ्र की जाए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात, सहायक पुलिस अधीक्षक लाइन्स, सहायक अभियंता, अवर अभियंता लोक निर्माण विभाग एवं प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन्स मौजूद रहे।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़