दुद्धी (सोनभद्र)।5 सितम्बर शिक्षक दिवस के अवसर पर बीआरसी दुद्धी परिसर स्थित कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय एवं कंपोजिट विद्यालय दुद्धी में उत्साहपूर्वक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि प्रेमशंकर राम ने भारत के द्वितीय राष्ट्रपति एवं महान शिक्षक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन करते हुए की।
इसके उपरांत मेजबान शिक्षकों ने अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर अतिथि का स्वागत किया। मुख्य अतिथि द्वारा केक काटकर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई। विद्यालय के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि प्रेमशंकर राम ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक समाज का पथप्रदर्शक होता है। गुरु का स्थान सदा सर्वोपरि माना गया है और अपने आचरण से ही शिक्षक समाज की दिशा और दशा बदलने की क्षमता रखते हैं।”** उन्होंने ब्लॉक दुद्धी के समस्त शिक्षकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी।
वरिष्ठ शिक्षक शैलेश मोहन ने कहा कि शिक्षक दिवस के अवसर पर वरिष्ठ शिक्षकों के सम्मान और भविष्य को लेकर सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय पर पुनर्विचार आवश्यक है तथा इस विषय में केंद्र सरकार से भी शिक्षकों को अपेक्षाएं हैं।
शिक्षक मनोज जायसवाल ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों का स्नेह और आत्मीय लगाव ही शिक्षक का सच्चा पुरस्कार है। जब शिष्य सफलता प्राप्त करता है, तो गुरु की आत्मा संतुष्ट होती है। शिक्षक जितेंद्र चौबे ने कहा कि शिक्षक समाज को जागृत करने वाला दीपक है और ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा व सादगी ही उसकी पहचान है।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापिका माधुरी पांडेय ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर तत्सत तिवारी, योगेश वर्मा, आराधना, अमिता तिवारी, विभा, प्रियंका, रेनू कन्नौजिया, निरंजन सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी विवेक सिंह