दुद्धी (सोनभद्र)। विंढमगंज थाना क्षेत्र के एनएच-39 मार्ग पर जोरूखाड़ गांव के समीप शुक्रवार शाम करीब 5 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। विंध्याचल से झारखंड के डाल्टनगंज की ओर जा रही एक स्कॉर्पियो ने सामने से आ रहे बाइक सवार दंपति को जोरदार टक्कर मार दी।
बताया गया कि स्कॉर्पियो (JH03AN6504)चालक, सामने से आ रही एक अनियंत्रित बाइक को बचाने की कोशिश कर रहा था, तभी विपरीत दिशा से अपनी बाइक पर सवार विकास शर्मा (30 वर्ष, पुत्र विश्वनाथ शर्मा) व उनकी पत्नी पिंकी शर्मा (27), निवासी महुली रेलवे स्टेशन, इसकी चपेट में आ गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए घायलों को तत्काल अपनी ही गाड़ी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने स्थिति नाजुक होने देख दंपति को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
हादसे की सूचना पर सीएचसी दुद्धी में परिजनों की भीड़ इकट्ठा हो गई। परिजनों ने बताया कि विकास शर्मा झारखंड के नगर ऊंटरी स्थित ससुराल से अपनी पत्नी संग बाइक पर सवार होकर अपने घर महुली लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।
पुलिस मामले मामले की जांच में जुट गई है ।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह