नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज ब्यूरो हजारीबाग
हजारीबाग। रविवार को ग्रांड पैलेस पगमिल में जमाते इस्लामी हिंद, हजारीबाग शाखा द्वारा एक भव्य जलसा-ए-सिरतुल नबी का आयोजन किया गया। इस धार्मिक समारोह में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और पैगंबर मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के जीवन और शिक्षाओं पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सैय्यद मोहम्मद अली इरफान ने कुरान पाक की तिलावत से की, जिसके बाद कई वक्ताओं ने इस्लाम के पैगंबर के जीवन और उनके आदर्शों को विस्तार से समझाया।
इस जलसे में मुख्य वक्ता के तौर पर राष्ट्रीय सेवा मंच के संस्थापक जकतार सिंह और भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष संजय रवि राज ने अपनी बात रखी। इनके अलावा, सेवानिवृत्त लेबर डिप्टी कमिश्नर शाहनवाज अहमद खान, प्रो. अनवर मलिक, रहबर कोचिंग सेंटर के सदस्य शकील अहमद, जमाते इस्लामी हिंद हजारीबाग के अध्यक्ष डॉ. असरार अहमद फारूकी और सैय्यद सबाहत हुसैन ने भी सभा को संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने पैगंबर मोहम्मद के जीवन से प्रेरणा लेने और उनकी शिक्षाओं को वर्तमान समाज के लिए प्रासंगिक बताया।
कार्यक्रम का संचालन शहीद जमाल ने किया और समापन की घोषणा डॉ. जफरुल्ला सदीक ने की। आयोजन को सफल बनाने में कन्वेनर मो. आयतुल्ला इरफान और वालंटियर टीम, जिसमें मो. अर्श, शहीद रजा, मो. अहमद इरफान, मो. फरहान, मो. साबीर रजा और कामिल अख्तर शामिल थे, ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस भव्य आयोजन में 400 से अधिक महिलाओं और 500 से अधिक पुरुषों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जिससे कार्यक्रम एक सफल और अनुशासित रूप में संपन्न हुआ।