नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज ब्यूरो हजारीबाग
हजारीबाग: सांसद मनीष जायसवाल ने रविवार को अपने ‘सांसद तीर्थ दर्शन महाअभियान’ के 17वें जत्थे को वाराणसी, विंध्याचल, प्रयागराज और अयोध्या धाम की यात्रा के लिए रवाना किया। मांडू विधानसभा क्षेत्र के चुरचू प्रखंड स्थित ओरिया शिवालय से रवाना हुए इस जत्थे में कुल 65 श्रद्धालु तीर्थयात्री शामिल थे।
सांसद जायसवाल ने तीर्थयात्रा पर निकले बुजुर्गों का सम्मान करते हुए उनके पांव धोए और आशीर्वाद लिया। इसके बाद, ढोल-नगाड़ों के साथ सभी यात्रियों को ‘सांसद तीर्थ यात्रा थैला’, पहचान पत्र और जलपान देकर विदा किया गया।
सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि इस महाअभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के बुजुर्गों की सेवा और सम्मान करना है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत हर पांचवें दिन लोकसभा क्षेत्र से 65 श्रद्धालु तीर्थयात्रियों को धार्मिक स्थलों की यात्रा पर भेजा जा रहा है। उन्होंने सभी यात्रियों को उनकी इस शुभ और पावन यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।