नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
हजारीबाग में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच, गुणवत्ता के नमूने लिए गए
हजारीबाग। उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह के निर्देश पर हजारीबाग में खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर के कई प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। यह कार्रवाई अभिहित अधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शशि जायसवाल के मार्गदर्शन में और खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मो. मंजर हुसैन के नेतृत्व में की गई।
नमूने जांच के लिए भेजे गए
निरीक्षण के दौरान, फ्रंटियर (पीटीसी चौक), राम मिष्ठान भंडार (दीपू गढ़ा) और बीकानेर (कोर्ट रोड, सिविल कोर्ट) से विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। इन सभी नमूनों को जांच के लिए रांची स्थित राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, नामकुम भेजा जाएगा।
अगर जांच रिपोर्ट में ये नमूने गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं, तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश
निरीक्षण के समय, टीम ने सभी खाद्य कारोबारियों को किचन की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने, मिलावट रहित सामग्री का इस्तेमाल करने और रसोई में काम करने वाले कर्मचारियों को मास्क, टोपी और एप्रोन पहनने के निर्देश दिए।
इस टीम में फूड एंड सेनेटरी इंस्पेक्टर उमेश कुमार, विकास शर्मा और सूरज कुमार शामिल थे। इस कार्रवाई से शहर के अन्य खाद्य कारोबारियों में भी हड़कंप मच गया है।