नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग।
हजारीबाग जिले में 13 सितंबर को 80 लाख रुपये की डकैती का मामला सुलझ गया है। पुलिस ने इस मामले में नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटे गए गहने और हथियार बरामद कर लिए हैं।
हजारीबाग के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बभनी गांव के रहने वाले अनिता मल्लिक के घर में 13 सितंबर की रात 8 से 10 बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। इस घटना में लगभग 80 लाख रुपये के गहने लूटे गए थे। इसके बाद पुलिस ने एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया।
एसआईटी टीम ने 25 सितंबर की रात को गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की और हजारीबाग के हतहरी जंगल से चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रणवीर कुमार सिंह उर्फ छोटू उर्फ जोकर, सन्नी कुमार गुप्ता, राहुल कुमार यादव और विपुल कुमार सिंह उर्फ सुशील कुमार के रूप में हुई। उनके पास से लूटे गए गहने और एक देशी पिस्तौल भी बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने पांच अन्य आरोपियों को भी धर दबोचा। इनकी पहचान राजेश कुमार यादव, सुरेंद्र उरांव, विपिन कुमार सिंह, रवि राय और दिनेश कुमार यादव उर्फ सन्नी के रूप में हुई। पुलिस ने इनके पास से बाकी गहने और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। इनमें से कुछ आरोपी पहले भी चोरी, डकैती, ड्रग्स तस्करी और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में शामिल रहे हैं।