सहारनपुर में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस का देर रात फ्लैग मार्च
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बोले, अपराध मुक्त जिला हमारी प्राथमिकता
सहारनपुर । आगामी त्यौहार और जुम्मे की नमाज को देखते हुए जनपद में शांति व सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने देर रात फ्लैग मार्च किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर आशीष तिवारी के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक यातायात सिद्धार्थ वर्मा, क्षेत्राधिकारी प्रथम मुनीश चंद्र तथा थाना नगर कोतवाली प्रभारी नेमचंद सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल फ्लैग मार्च में शामिल रहा।
फ्लैग मार्च थाना कोतवाली नगर क्षेत्रान्तर्गत घंटाघर से प्रारंभ होकर नेहरू मार्केट होते हुए शहीद गंज तक निकाला गया। इस दौरान पुलिस ने मार्गों पर पैदल गश्त की, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की और लोगों से शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने कहा कि सहारनपुर पुलिस की सबसे बड़ी प्राथमिकता जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत रखना है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनपद को अपराध मुक्त बनाना ही पुलिस की जिम्मेदारी है और किसी भी कीमत पर अराजक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने, भीड़-भाड़ वाले इलाकों में गश्त बढ़ाने और संवेदनशील स्थानों पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे शांति, भाईचारा और आपसी सौहार्द बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़