✍राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत धर्म गुरुओं के साथ स्वच्छता संवाद कार्यक्रम आयोजित
कटनी – स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आम जन में स्वच्छता, सेवा और सामुदायिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रेरित करने एवं अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न धर्मो के धार्मिक गुरुओं के साथ स्वच्छता संवाद सहित धार्मिक कार्यक्रमों में स्वच्छता का संदेश देने हेतु आनंदम स्थल कटनी में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी के चित्र पर अतिथियों के द्वारा माल्यार्पण से किया गया तत्पश्चात धर्म गुरुओं और अतिथियों का स्वागत और परिचय प्रस्तुत किया गया। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक डॉ. तेज सिंह केशवाल ने कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए सभी उपस्थित जनों को स्वच्छता अपनाने हेतु जन जागरूकता के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान देने का आह्वान किया, तत्पश्चात डिप्टी कलेक्टर प्रदीप कुमार मिश्रा ने स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत शासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की विस्तार से जानकारी दी एवं जन भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न धर्मो के धर्म गुरुओं एवं अतिथियों के द्वारा सरकार के इस अभियान की सराहना करते हुए सभी उपस्थित जनों को अपने उद्बोधन के माध्यम से संदेश देते हुए आम जनमानस से अपने व्यवहार में स्वच्छता के प्रति व्यवहार में परिवर्तन लाने हेतु प्रेरित किया गया।इस दौरान पंडित जैनेंद्र कुमार त्रिपाठी, ज्योतिष आचार्य नारायण संस्कृत महाविद्यालय कटनी, महेंद्र सिंह खालसा गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा, काजी मोहम्मद नसीम शहर काजी, प्रफुल्ल कुमार सोनी गायत्री परिवार, शिक्षाविद एवं अध्यात्म विद पंडित रामाधार गौतम, गायत्री ज्ञान योग परिषद के संस्थापक अरविंद तिवारी ने अपने उद्गार व्यक्त किए।
इस महत्वपूर्ण आयोजन में गणेशध्वज वेद पाठशाला के प्राचार्य धीरेंद्र प्रसाद द्विवेदी, वेदाचार्य संदीप पांडेय, चाणक्य ब्राह्मण सभा के जिला अध्यक्ष पंडित रमाकांत दीक्षित, सरदार त्रिलोचन सिंह, आनंद विभाग के डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम लीडर अनिल कांबले, अमित तिवारी, रामानुज पांडेय, संयोगिता मिश्रा, विनीत सोंधिया सहित शहर के प्रबुद्ध जन, विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक बालमुकुंद मिश्र के द्वारा किया गया।