ईसागढ़ – महात्मा गांधी जयंती के उपलक्ष्य में मेरा युवा भारत अशोकनगर के तत्वावधान में युवक मंडल भर्रोली द्वारा ग्राम बहेरिया मंडी प्रांगण के पास वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मेरा भारत जिला अधिकारी आकांक्षा महावरिया ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में मेरा युवा भारत संगठन की कार्यप्रणाली और उद्देश्यों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखना और पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण करना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए इस अभियान को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की रूपरेखा का संचालन पूर्व यूथ वॉलिंटियर नारायण बैरागी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित अमित शर्मा ने युवाओं को सकारात्मक सोच अपनाने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को समाज के मार्गदर्शन में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए ताकि राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान सुनिश्चित हो सके।
इसी क्रम में शिवचरण जाटव ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि ऊर्जावान सोच और सामाजिक समर्पण के साथ युवाओं को सभी वर्गों के समावेशी उत्थान के लिए आगे आकर कार्य करना चाहिए।
इस अवसर पर युवा मंडल भर्रोली के सदस्यगण, सामाजिक कार्यकर्ता सुनील महोबिया, धर्मेंद्र जाटव, पूर्व वॉलिंटियर जितेंद्र कुमार राठौर सहित अनेक युवा मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने एकजुट होकर वृक्षारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।