नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
हजारीबाग/दारू: खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दारू बाजार में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर एक बड़ा अभियान चलाया। गुरुवार को की गई इस छापेमारी के दौरान प्रिंस होटल, सिटी स्वीट्स, साईं फास्ट फूड सहित कई होटलों और दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मोहम्मद मंजर हुसैन के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई से खाद्य व्यवसायियों में हड़कंप मच गया।
कलाकंद में प्रारंभिक गड़बड़ी, जांच के लिए भेजा गया नमूना
मोहम्मद मंजर हुसैन ने बताया कि सिटी स्वीट्स से पनीर और प्रिंस होटल से कलाकंद के सैंपल लिए गए हैं। प्राथमिक जांच (प्राइमरी टेस्ट) में कलाकंद का नमूना फेल पाया गया है, जिसके बाद इसे विस्तृत प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिया गया है।
अधिकारी का सख्त रुख: मंजर हुसैन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि प्रयोगशाला जांच में मिलावट पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, प्रिंस होटल में खाना बनाने के लिए उपयोग किए जा रहे तेल को सही पाया गया है।
चटनी और सॉस में रंग की मिलावट
टीम ने बाजार में ठेलों और खोमचों पर बिकने वाली चटनी और सॉस की भी जांच की। जांच में सामने आया कि इनमें हाइड्रोक्लोरिक अम्ल डालने पर पीले रंग की मिलावट दिखाई दी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने आम जनता से अपील की है कि वे खाद्य वस्तुएं खरीदते समय यह सुनिश्चित करें कि उनमें औद्योगिक रंग (Industrial Colour) का इस्तेमाल न किया गया हो, क्योंकि यह स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है।
इस टीम में मोहम्मद मंजर हुसैन के साथ विकास कुमार, सूरज कुमार, शशि भूषण मुंडा और धनेश्वर कुशवाहा शामिल थे।