त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की सघन जांच; औद्योगिक रंग मिले खाद्य पदार्थ नष्ट
हजारीबाग संवाददाता। आगामी त्योहारों को देखते हुए उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह एवं अभिहित अधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, हजारीबाग डॉ. शशि जायसवाल के निर्देशानुसार मंगलवार 14 अक्टूबर 2025 को खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा शहर में सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान कई खाद्य पदार्थों में औद्योगिक रंग पाए जाने पर उन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मो० मंजर हुसैन के नेतृत्व में टीम ने राज घराना रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया और पनीर का नमूना संग्रहित किया। इसके उपरांत कॉलेज मोड़ से नीलाम्बर-पिताम्बर चौक तक औचक निरीक्षण के दौरान विभिन्न ठेला-खोमचा पर बिक रहे खाद्य पदार्थों की जांच की गई।
गुपचुप, पाव भाजी और लड्डू नष्ट
जांच के दौरान गुपचुप (गोलगप्पे) और पाव भाजी में औद्योगिक रंग (Industrial Colour) की पुष्टि हुई, जिसके बाद टीम ने इन सभी खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट करा दिया। इसके अतिरिक्त, बेसन लड्डू में भी औद्योगिक रंग पाए जाने पर उसे भी तत्काल नष्ट कर दिया गया।
टीम ने सेफ ऑफ टेस्ट में हल्दी और न्यू मधुबन भोजनालय में पनीर का नमूना संग्रह कर उसे राज्य खाद्य जाँच प्रयोगशाला, नामकुम भेजने की कार्रवाई की है।
खाद्य व्यवसायियों को सख्त निर्देश
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य व्यवसायियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे छोला, चटनी, गुपचुप का चोखा, पाव भाजी की चटनी, जलेबी, लड्डू या अन्य किसी खाद्य पदार्थ में औद्योगिक रंग (जैसे गोवर्धन, कामधेनु या मधुदर्शन) का उपयोग न करें।
होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों को परिसर की साफ-सफाई बनाए रखने, मिलावट रहित खाद्य सामग्री का उपयोग करने और विक्रय करने के निर्देश दिए गए। साथ ही रसोईघर में कार्यरत कर्मियों को मास्क, कैप एवं एप्रन पहनकर ही कार्य करने को कहा गया है, अन्यथा उल्लंघन की स्थिति में दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम के साथ नगर निगम, हजारीबाग के खाद्य एवं स्वच्छता निरीक्षक उमेश कुमार, विकास शर्मा, सुरज कुमार, शशि भूषण मुंडा एवं चालक धनेश्वर कुशवाहा शामिल थे।