नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
पेड़ से टकराई बाइक; 13 वर्षीय किशोर की मौके पर मौत, एक गंभीर
खैरा जंगल के पास हुआ हादसा, मृतक के शव का किया गया अंतिम संस्कार
टाटीझरिया/हजारीबाग। टाटीझरिया थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 13 वर्षीय किशोर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों किशोर होंडा शाइन बाइक से घूमने जा रहे थे, तभी खैरा जंगल के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक सखुआ पेड़ से टकरा गई।
घटना गुरुवार को लगभग 12 बजे खैरा बुढ़िया माता मंदिर के पास हुई। खैरा पंचायत के नारायणपुर गांव निवासी बिकी कुमार (उम्र लगभग 13 वर्ष, पिता बद्री महतो) अपने दोस्त सावन कुमार (उम्र लगभग 14 वर्ष) के साथ बाइक से खैरा की तरफ जा रहा था। सावन कुमार मूल रूप से बाना दाग, हजारीबाग का रहने वाला है और नारायणपुर में अपने नाना दिनेश्वर महतो के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खैरा जंगल के पास तेज गति के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे सड़क के बगल में मौजूद एक सखुआ पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बिकी कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सावन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों ने तत्काल घटना की सूचना गांव वालों को दी। आनन-फानन में दोनों लड़कों को घर लाया गया। इसके बाद गंभीर रूप से घायल सावन कुमार को बेहतर इलाज के लिए तुरंत सदर अस्पताल, हजारीबाग भेजा गया, जहाँ उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर टाटीझरिया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने शुक्रवार को बिकी कुमार का अंतिम संस्कार कर दिया। दो किशोरों के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।