दुद्धी सोनभद्र। स्थानीय रेलवे स्टेशन रोड स्थित कृपाओं की माता तीर्थ स्थल चर्च से रविवार को दोपहर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। वार्षिक उत्सव के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे नगर में धार्मिक उल्लास का वातावरण छा गया।
फादर टाइट्स लोबो की अगुवाई में निकली शोभायात्रा का शुभारंभ दोपहर लगभग 2 बजे चर्च परिसर से हुआ। यह शोभायात्रा रेलवे स्टेशन रोड से कलकल्ली बहरा, रामनगर, म्योरपुर मोड़ होते हुए टाउन क्लब मैदान तक पहुँची और वहां से पुनः चर्च परिसर में लौटकर संपन्न हुई।
कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क दिखा। सुरक्षा की दृष्टि से प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। दुद्धी थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों ने शोभायात्रा मार्ग पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की और यातायात व्यवस्था सुचारू रखी।
चर्च परिसर में लौटने के बाद श्रद्धालुओं को जलपान कराया गया। कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। आयोजन के सफल संचालन पर ईसाई समुदाय के साथ-साथ स्थानीय लोगों ने भी संतोष व्यक्त किया।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह