दुद्धी सोनभद्र।जिला फुटबॉल संघ सोनभद्र द्वारा आयोजित जिला स्तरीय महिला फुटबॉल चैंपियनशिप 2025 के तीसरे दिन क्वार्टर फाइनल का तीसरा मुकाबला सोनांचल इंटरमीडिएट कॉलेज दुद्धी और आदर्श इंटर कॉलेज महुली के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में सोनांचल विद्यालय ने आदर्श इंटर कॉलेज को 1-0 से पराजित कर सेमीफाइनल में स्थान सुनिश्चित किया।
प्रथम हाफ में दोनों टीमें गोलरहित बराबरी पर रहीं, लेकिन दूसरे हाफ के 15वें मिनट यानी मैच के 45वें मिनट में सोनांचल विद्यालय ने निर्णायक गोल दागा। यह बढ़त अंत तक बरकरार रही, जिससे सोनांचल टीम ने विजय दर्ज की।इस दौरान खेल मैदान में दर्शकों की भारी भीड़ मौजूद रही। आज के मुकाबले की मुख्य अतिथि संगीता वर्मा बाल विकास परियोजना म्योरपुर रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. ममता मौर्या, किरण यादव, विनीता मसीह, रेखा गुप्ता तथा सिविल बार एसोसिएशन दुद्धी के अध्यक्ष प्रभु सिंह एडवोकेट उपस्थित रहे। अतिथियों ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि संगीता वर्मा ने कहा कि सोनभद्र में जिला फुटबॉल संघ द्वारा आयोजित यह प्रथम आयोजन सराहनीय कदम है, इससे खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और नई पीढ़ी अनुशासित एवं स्वस्थ बनेगी। डॉ. ममता मौर्या ने कहा कि फुटबॉल ऐसा खेल है जो शरीर के सर्वांगीण विकास में सहायक है और विश्व के अधिकांश देशों में लोकप्रिय है।
इस अवसर पर शिक्षक राजेश्वर श्रीवास्तव, संदीप तिवारी सहित दोनों स्कूलों के अध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। मैच के दौरान खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम का संचालन शिवशंकर प्रसाद एडवोकेट ने किया।
जिला फुटबॉल संघ के अनुसार, कल अंतिम क्वार्टर फाइनल मुकाबला ओबरा स्पोर्टिंग क्लब और आदित्य बिड़ला इंटर कॉलेज, रेणुकूट के बीच खेला जाएगा।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह