नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
शउपायुक्त ने प्रशिक्षु आई.ए.एस. अधिकारियों से की मुलाकात, दिए मार्गदर्शन
हजारीबाग: जिले में फील्ड स्टडी एंड रिसर्च प्रोग्राम (FSRP) के तहत प्रशिक्षणरत 12 प्रशिक्षु आई.ए.एस. अधिकारियों (OTs) से उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने आज मुलाकात की। ये सभी प्रशिक्षु अधिकारी 100वें फाउंडेशन कोर्स (2025 बैच) से सम्बंधित हैं।
इस दौरान उपायुक्त महोदय ने प्रशिक्षु अधिकारियों से उनके हालिया ग्राम भ्रमण अनुभव के संबंध में बातचीत की। प्रशिक्षु अधिकारियों ने चौपारण प्रखंड के हथिया ग्राम एवं कटकमदाग प्रखंड के अडरा पंचायत में अपने फील्ड विज़िट के अनुभव साझा किए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं की क्रियान्वयन प्रक्रिया, प्रशासनिक चुनौतियाँ तथा जनसहभागिता से जुड़े अपने अवलोकन प्रस्तुत किए।
उपायुक्त सिंह ने अधिकारियों को ग्राम स्तर पर प्रशासनिक कार्यप्रणाली को गहराई से समझने की आवश्यकता पर बल दिया तथा उन्हें आगामी हजारीबाग नगर निगम में होने वाले संलग्नता (attachment) कार्यक्रम के लिए उपयोगी सुझाव एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
उन्होंने कहा कि “ग्रामीण और नगरीय प्रशासनिक ढाँचे की गहन समझ एक सक्षम प्रशासक बनने की दिशा में पहला कदम है। फील्ड विज़िट के अनुभव भावी प्रशासनिक निर्णयों को धरातल से जोड़ने में सहायक होंगे।”
बैठक के अंत में उपायुक्त ने प्रशिक्षु अधिकारियों को उनके अध्ययन एवं प्रशिक्षण हेतु शुभकामनाएँ दीं।