नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग।
विभावि फिजियोथैरेपी विभाग में रक्तदान शिविर आयोजित 48 यूनिट रक्त संग्रहित
हजारीबाग: झारखण्ड के 25वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में दिनांक 19 नवम्बर 2025 दिन बुधवार को विनोबा भावे विश्वविद्यालय परिसर के फिजियोथेरेपी विभाग में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक तथा शिक्षकेत्तर कर्मियों की सक्रिय भागीदारी से कुल 48 यूनिट रक्त संग्रहित किए गए।
इस पहल की प्रेरणा माननीय कुलपति प्रो. चन्द्र भूषण शर्मा द्वारा दी गई तथा कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. विकास कुमार, डीन छात्र कल्याण एवं निदेशक, फिजियोथेरेपी विभाग द्वारा किया गया।
कुलपति प्रो. शर्मा ने कहा कि रक्तदान जैसे सामाजिक योगदान से न केवल समाज को जीवनदान मिलता है साथ ही साथ विश्वविद्यालय ऐसे राज्य निर्माण की प्रक्रिया में भी सक्रिय भागीदारी निभाता रहेगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि विश्वविद्यालय के द्वारा भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी और जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित होते रहेंगें।
डॉ. विकास कुमार ने कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में सामाजिक उत्तरदायित्व, लोगो के प्रति स्वास्थ्य जागरूकता और मानवता के प्रति संवेदनशीलता को बढ़ावा देना कहा है। रक्तदान के लिए विभिन्न विभागों से आए रक्तदाताओं ने कहा कि यह पहल झारखण्ड के विकास और समाज सेवा के प्रति विश्वविद्यालय की सकारात्मक भूमिका को दर्शाती है।