नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
सरकारी विद्यालयों में बाल सुरक्षा सप्ताह का आयोजन
बाल सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत हजारीबाग के सभी मध्य और उच्य सरकारी विद्यालयों में मंगलवार को जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। कक्षा 6 से 12 तक के बच्चों ने बाल सुरक्षा, पॉक्सो, चाइल्ड हेल्पलाइन और साइबर सिक्योरिटी विषय पर पेंटिंग, स्लोगन राइटिंग, पोस्टर निर्माण, भाषण और रोल प्ले के माध्यम से अपने विचार व्यक्त किए। सभी गतिविधियों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिक्षकों ने बच्चों को असुरक्षित परिस्थितियों की पहचान करने, उनसे बचने और किसी भी खतरे की स्थिति में विश्वसनीय वयस्कों से तुरंत संपर्क करने की जानकारी दी। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय हजारीबाग और बिहारी बालिका उच्च विद्यालय हजारीबाग में भी छात्रों के लिए सुरक्षा और आत्मविश्वास बढ़ाने से संबंधित सत्र आयोजित किए गए। सभी कक्षाओं के छात्रों ने सक्रिय भागीदारी दिखाते हुए बाल सुरक्षा जागरूकता का महत्व समझा।
बाल सुरक्षा सप्ताह जिले के 50 चयनित सरकारी विद्यालयों में चलाया जा रहा है, जिसमें सभी केजीबीवी भी शामिल हैं। कार्यक्रम राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम आरकेएसके, जेसीईआरटी और सेंटर फॉर कैटलाइजिंग चेंज (सी3) के तकनीकी सहयोग से संचालित है। इसका उद्देश्य बच्चों को मौखिक, शारीरिक, यौन और भावनात्मक हिंसा, साइबर बुलिंग तथा अन्य जोखिमपूर्ण स्थितियों से स्वयं को सुरक्षित रखने के प्रति जागरूक बनाना है। विद्यालय स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम SHWP वर्षभर स्कूलों में स्वास्थ्य, मानसिक मजबूती, जीवन कौशल और सुरक्षा पर नियमित गतिविधियों का संचालन कर सुरक्षित विद्यालय वातावरण निर्माण में योगदान दे रहा है।