उरई(जालौन):
लेखपालों का तहसील में धरना: एसडीएम पर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग:
बीएलओ पर काम के दबाव व फतेहपुर में आत्महत्या के मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन एसआईआर (सर्वे इंफॉर्मेशन रजिस्ट्रेशन) के काम में लगातार बढ़ते दबाव और हाल ही में फतेहपुर में बीएलओ द्वारा आत्महत्या करने की घटना के विरोध में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के तत्वावधान में लेखपालों ने शुक्रवार को तहसील परिसर में धरना दिया। उन्होंने इस मामले में एसडीएम के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। संघ के खंड मंत्री ने आरोप लगाया कि एसआईआर के काम में समय कम दिया गया है और अधिकारियों का लगातार दबाव बनाया जा रहा है। बीएलओ को रातभर जागकर काम करना पड़ रहा है, बावजूद इसके दबाव कम नहीं हो रहा। इसके चलते कई बार लेखपालों को आत्महत्या जैसे कदम उठाने पड़ रहे हैं। उन्होंने फतेहपुर के उदाहरण का हवाला देते हुए कहा कि वहां भी बीएलओ को शादी के लिए छुट्टी नहीं दी गई थी। जब बीएलओ बिना छुट्टी के शादी में गया, तो उसे निलंबित कर दिया गया। इसके बाद अगले दिन कानूनगो उनके घर पहुंचे और काम पूरा करने के लिए दबाव बनाया, जिसके चलते बीएलओ ने आत्महत्या जैसी घटना की। इस मामले में फिलहाल केवल कानूनगो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।लेखपाल संघ ने मांग की कि मामले में एसडीएम पर भी रिपोर्ट दर्ज की जाए। इस मौके पर तहसील अध्यक्ष वैभव त्रिपाठी, हरेंद्र वर्मा, सुधा अग्रवाल, विनोद कुमार, रोहित सिंह, आकाश त्रिपाठी, आरती देवी, शिवम दुबे, प्रज्ञा मिश्रा, अनिल कुमार, तेजप्रताप, सिन्की, शिवांगी श्रीवास्तव सहित अन्य लेखपाल मौजूद रहे।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश